LOADING

Type to search

खड़गे बोले-RSS पर बैन लगे, सरदार पटेल ने भी यही किया

National

खड़गे बोले-RSS पर बैन लगे, सरदार पटेल ने भी यही किया

Share

मोदी-शाह उनके विचारों का सम्मान करते हैं तो यह करके दिखाएं
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर :
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस की आलोचना किए जाने पर पलटवार करते हुए खड़गे ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि RSS पर बैन लगा देना चाहिए।
खड़गे ने अपनी बात को सरदार पटेल के विचारों से जोड़ते हुए कहा, “ये मेरा विचार है और मैं खुलकर बोलूंगा कि RSS पर बैन लगाना चाहिए। अगर PM नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों का सम्मान करते हैं तो ऐसा करके दिखाएं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-RSS के कारण देश में कानून-व्यवस्था की दिक्कतें हो रही हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने 18 जुलाई 1948 के तत्कालीन गृह मंत्री सरदार पटेल के एक पत्र का हवाला दिया, जिसमें पटेल ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी से कहा था कि RSS ने ऐसा माहौल बनाया, जिससे महात्मा गांधी की हत्या हुई। खड़गे ने यह बयान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस सवाल का जवाब देते हुए दिया, जिसमें उन्होंने उस विचारधारा पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक ‘लौह पुरुष’ की ज़रूरत बताई थी।
खड़गे ने PM मोदी के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने नेहरू-पटेल में मतभेद की बात कही थी। खड़गे ने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पटेल के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की, जबकि उनके बीच हमेशा अच्छे संबंध थे।
इससे पहले, पीएम मोदी ने गुजरात में सरदार पटेल की जयंती पर कहा था कि पटेल पूरे कश्मीर को भारत में मिलाना चाहते थे, लेकिन नेहरू ने ऐसा नहीं होने दिया और कश्मीर को अलग संविधान से बाँट दिया। मोदी ने कांग्रेस पर गुलाम मानसिकता और धार्मिक आधार पर वंदे मातरम् के एक हिस्से को हटाकर समाज को विभाजित करने का भी आरोप लगाया था। इस तरह, सरदार पटेल की जयंती दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक टकराव का नया मैदान बन गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *