किंग चार्ल्स ने भाई प्रिंस एंड्रयू से छीना शाही खिताब
Share
घर खाली करने का आदेश; 17 साल की लड़की से यौन शोषण का आरोप
लंदन, 31 अक्टूबर : ब्रिटेन के शाही परिवार में एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया गया है। किंग चार्ल्स ने अपने छोटे भाई, प्रिंस एंड्रयू से उनका ‘प्रिंस’ का खिताब और सभी शाही उपाधियां वापस ले ली हैं। इसके साथ ही उन्हें विंडसर स्थित उनके आलीशान निवास ‘रॉयल लॉज’ को भी तुरंत खाली करने का आदेश दिया गया है।
यह कठोर कदम 2001 में हुई एक घटना से संबंधित है, जब पीड़िता वर्जिनिया गिफ्रे ने आरोप लगाया था कि 17 साल की उम्र में प्रिंस एंड्रयू ने उनका यौन शोषण किया था। बकिंघम पैलेस ने गुरुवार को एक बयान जारी कर पुष्टि की कि किंग ने प्रिंस एंड्रयू की शैली, उपाधियों और सम्मानों को हटाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खिताब छिनने के बाद बदला नाम
दिवंगत क्वीन एलिजाबेथ के दूसरे बेटे, 65 वर्षीय एंड्रयू का नाम लंबे समय से अमेरिकी अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा रहा है, जिस पर नाबालिगों के यौन शोषण के गंभीर आरोप थे। उपाधियां छिन जाने के बाद, अब प्रिंस एंड्रयू को ‘एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर’ के नाम से जाना जाएगा। उन्हें इस महीने की शुरुआत में ही ड्यूक ऑफ यॉर्क का खिताब इस्तेमाल करने से रोक दिया गया था।
आलीशान रॉयल लॉज खाली करने का आदेश
प्रिंस एंड्रयू 2003 से रॉयल लॉज में रह रहे थे, जो 30 कमरों वाला विशाल मकान है और विंडसर के ग्राउंड्स में स्थित है। उन्हें यह प्रॉपर्टी 75 साल की लीज पर मिली थी। अब उन्हें यह निवास छोड़कर नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में बने एक निजी घर में शिफ्ट होना होगा, जिसका खर्च किंग चार्ल्स स्वयं उठाएंगे।
पैलेस ने बयान में कहा कि यह कदम ज़रूरी है, भले ही एंड्रयू अब भी आरोपों से इनकार करते हैं। राजा यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि उनकी सहानुभूति और संवेदनाएँ उन सभी पीड़ितों के साथ हैं, जिन्होंने किसी भी रूप में शोषण सहा है।
106 साल बाद इतिहास दोहराया गया
ब्रिटिश इतिहास में यह बहुत कम बार हुआ है जब किसी राजकुमार से उसका ‘प्रिंस’ का खिताब छीना गया हो। पिछली बार ऐसा 1919 में हुआ था। 100 साल से भी अधिक समय बाद किंग चार्ल्स ने यह कठोर कदम उठाया है, जिससे शाही परिवार पर लगे दाग को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रिंस एंड्रयू पर आरोप लगाने वाली वर्जिनिया गिफ्रे की अप्रैल में आत्महत्या से मौत हो गई थी, जिसकी संस्मरण किताब ‘नो बॉडीज गर्ल’ पिछले महीने ही प्रकाशित हुई थी।
