उदयपुर के बाद उभरता बेस्ट वेडिंग डेस्टिनेशन बन रहा कुंभलगढ़
Share
वैवाहिक सीजन में राजस्थान और अन्य राज्यों के अमीर यहां करने आ रहे हैं शादियां
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 26 नवंबर: देश में वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उदयपुर सबसे लोकप्रिय है, लेकिन मेवाड़ क्षेत्र में उदयपुर के बाद कुंभलगढ़ तेजी से दूसरी पसंद बनता जा रहा है। राजसमंद जिले में स्थित और उदयपुर से लगभग 90 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक दुर्ग की नगरी कुंभलगढ़ में इस साल वैवाहिक सीजन में राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों के अमीर परिवार अपनी शादियां संपन्न कराने के लिए यहां आने वाले हैं। आंकड़ों के अनुसार आगामी दो महीनों में यहां 200 से अधिक शादियां होने की संभावना है।
कुंभलगढ़ में दो दर्जन से अधिक सितारा होटल हैं, इसके अलावा कई रिसोर्ट और अन्य होटल भी मौजूद हैं। पिछले एक दशक में यहां नए होटल और रिसॉर्ट की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो अन्य छोटे शहरों की तुलना में काफी अधिक है। यह विकास कुंभलगढ़ को केवल ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल के रूप में ही नहीं, बल्कि वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी आकर्षक बनाता है।
कुंभलगढ़ का ऐतिहासिक दुर्ग और अभयारण्य देशी—विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। पिछले वर्षों में यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यह स्थान उदयपुर के बाद मेवाड़ क्षेत्र में दूसरे नंबर पर पर्यटन आकर्षण के रूप में उभर रहा है।
होटल कारोबारी नरेंद्र सिंह झाला का कहना है कि कुंभलगढ़ में होटल, रिसॉर्ट और ऐतिहासिक स्थल की उपलब्धता के कारण यह वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उदयपुर के मुकाबले यहां किराया कम है, जबकि सुविधाएं उसी तरह की मिल रहीं हैं। अमीर ऐसी जगह शादी करना पसंद कर रहे हैं, जो इतिहास से जुड़ी हो। यहां की अधिकांश होटल से कुंभलगढ़ नजर आता है।
