तमिलनाडु में रेल रूट पर लैंडस्लाइड, कई ट्रेनें रद्द
Share
अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
चेन्नई, 19 अक्टूबर: उत्तर-पूर्वी मानसून की सक्रियता के कारण तमिलनाडु में तेज बारिश का दौर जारी है। नीलगिरी माउंटेन रेलवे (NMR) रूट पर भूस्खलन होने से कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कल्लार और कुन्नूर के बीच ट्रैक पर चट्टानें, कीचड़ और गिरे पेड़ों के कारण रेल सेवा बाधित हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 से 22 अक्टूबर तक तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। अगले 7 दिनों तक दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। प्रभावित क्षेत्रों में तमिलनाडु के नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, इरोड, डिंडीगुल, थेनी, मदुरै, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, शिवगंगा, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, कुड्डालोर, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू जिलों के अलावा पुडुचेरी और कराईकल शामिल हैं।
चेन्नई में तेज बारिश से कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। IMD ने चेन्नई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें आंशिक बादल और मध्यम बारिश या बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की है।
कुड्डालोर के मत्स्य पालन विभाग ने मछुआरों को सभी प्रकार की नौकाओं और कटमरैन से समुद्र में न जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने चेताया है कि खराब मौसम के चलते समुद्री गतिविधियों में जोखिम बढ़ गया है।
