दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड से तबाही, 28 की मौत
Share
जम्मू-कश्मीर में स्कूल बंद, वैष्णो देवी यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित
दार्जिलिंग/शिमला, 6 अक्टूबर : पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में रविवार को हुई भूस्खलन में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 7 बच्चे शामिल हैं। कई लोग अभी भी लापता हैं। लगातार हो रही बारिश से दार्जिलिंग और सिक्किम का देश से सड़क संपर्क टूट गया है।
हजारों पर्यटक दार्जिलिंग में फंसे हुए हैं। दार्जिलिंग-कर्सियांग नेशनल हाइवे टूट गया है, जबकि मिरिक और दूधिया के पास पुल ढहने से सिलीगुड़ी का वैकल्पिक मार्ग भी बंद है। अलीपुरदुआर में रेल ट्रैक डूबने से तीन ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कई चाय बागान भी जलमग्न हो गए हैं।
बंगाल के चार जिलों — दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार — में 24 घंटे में करीब 16 इंच बारिश दर्ज की गई, जो 1998 के बाद पहली बार हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह तक भारी बारिश और नए भूस्खलन की चेतावनी जारी की है।
वहीं जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के चलते 6 और 7 अक्टूबर को सभी सरकारी व निजी स्कूल बंद रहेंगे। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को भी सुरक्षा कारणों से 5 से 7 अक्टूबर तक निलंबित रखा गया है।
