पीएम मोदी को काले झंडे दिखाने निकले वकीलों को रोका, हिरासत में लेकर छोड़ा
Share
हाईकोर्ट बेंच आंदोलन
डाकनकोटड़ा टोल नाके पर पुलिस ने रोका काफिला, सड़क पर लेटकर किया विरोध
उदयपुर, 25 सितम्बर: मेवाड़ वागड़ हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति एवं बार एसोसिएशन उदयपुर के आह्वान पर उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर पीएम मोदी को काले झंडे दिखाने निकले वकीलों को पुलिस ने उदयपुर शहर से निकलते ही डाकनकोटड़ा टोलनाके पर रोक लिया।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर पीएम मोदी से बांसवाड़ा यात्रा के दौरान मिलने का समय नहीं मिलने से अधिवक्ताओं ने काले झंडे दिखाने का ऐलान किया था। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने अपने वाहनों पर “हाईकोर्ट बेंच हमारी मांग” और “न्याय के लिए संघर्ष” जैसे बैनर और नारे लगाए। समिति के संयोजक रमेश नंदवाना, पूर्व अध्यक्ष शंभू सिंह राठौड़, सीनियर अधिवक्ता जितेंद्र सिंह लखारी, महासचिव डॉ. रामकृपा शर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र नागदा, यशवंत मेनारिया और अन्य वरिष्ठ अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए अंबेडकर सर्कल से रवाना हुए।
डाकनकोटड़ा के पास टोल नाके पर भारी पुलिस बल ने वाहनों को रोक दिया। पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच धक्कमपेल हुई। अधिवक्ता वहीं पर बैठ गए। पुलिस पूर्व बार अध्यक्ष भरत वैष्णव, राकेश मोगरा आदि को उठाकर पुलिस वैन तक ले गए। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की और बांसवाड़ा जाने वाली बसों को रोकने का प्रयास भी किया। इस दौरान, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह, उपाध्यक्ष देवीलाल जाट, महासचिव महावीर शर्मा और अंजुमन सदर मुस्तफा खान ने अलग मार्ग से बांसवाड़ा की बसों के साथ सभा तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आसपुर के पास उन्हें हिरासत में ले लिया। इधर, उदयपुर में रहकर सचिव अभिषेक कोठारी और अन्य पदाधिकारी अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर कामकाज का बहिष्कार किया।
