LOADING

Type to search

खेत पर काम कर रहे बुजुर्ग पर लेपर्ड का हमला

Local

खेत पर काम कर रहे बुजुर्ग पर लेपर्ड का हमला

Share

आंख नोची, सिर फाड़ा; आधे घंटे तक खेत पर तड़पते रहे, बेटा पहुंचा तो बची जान
राजसमंद, 23 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क)
: जिले के झोर गांव में रविवार सुबह दर्दनाक घटना हुई, जहां खेत पर बैठे 87 वर्षीय बुजुर्ग पर झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने घात लगाकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में लेपर्ड बुजुर्ग के चेहरे पर टूट पड़ा और उनके सिर, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह नोंच डाला। गंभीर हालत में आधे घंटे तक खेत पर तड़पते रहे बुजुर्ग की चीखें सुन आसपास कोई नहीं पहुंचा, लेकिन करीब 30 मिनट बाद बेटा मौके पर पहुंचा तो खून से लथपथ पिता को देखकर स्तब्ध रह गया।
झाड़ियों में छिपकर किया वार, आंख फाड़ डाली
पीड़ित जगरूप कीर के बेटे किशन कीर ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह सुबह खेत पर काम करने गए थे। काम खत्म कर वे खेत में ही बैठे थे, तभी झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने अचानक उन पर झपट्टा मारा। हमले में लेपर्ड ने उनके चेहरे को पंजों से चीर दिया, आंख नोच ली और सिर के पीछे गहरे घाव कर दिए। जगरूप कीर ने शोर मचाकर खुद को बचाने की कोशिश की, जिसके बाद लेपर्ड वहां से भाग निकला।
बेटों ने मिलकर पहुंचाया अस्पताल, उदयपुर रेफर
करीब 8:30 बजे किशन खेत पर पहुंचा तो पिता जमीन पर पड़े कराह रहे थे। उसने तुरंत भाइयों बालू कीर और सोहन कीर को सूचना दी। तीनों ने मिलकर घायल जगरूप को राजसमंद के आरके हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्ग के सिर, पीठ और शरीर के आगे हिस्सों पर करीब 10 गहरे घाव हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया।
गांव में दहशत, पिंजरा लगाने की मांग
घटना के बाद झोर गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लेपर्ड की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने तत्काल पिंजरा लगाने और लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। फिलहाल गांव में लेपर्ड का भय लगातार बना हुआ है और ग्रामीण सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *