उदयपुर में सड़क पार करता लेपर्ड कैमरे में कैद
Share
गोगुंदा–नांदेशमा मार्ग पर दो भाइयों ने कार से बनाया वीडियो; ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
उदयपुर, 2 दिसंबर: उदयपुर जिले में इंसानी आबादी के करीब फिर एक बार लेपर्ड दिखाई देने का मामला सामने आया है। 30 नवंबर की रात गोगुंदा के पास नांदेशमा–ढोल रोड पर कार से घर लौट रहे दो भाइयों ने सड़क पर टहलते लेपर्ड का वीडियो अपने मोबाइल में कैद किया। लेपर्ड शांत गति से मुख्य सड़क पार करता हुआ जंगल की ओर चला गया।
बड़गांव निवासी शैलेश श्रीमाली अपने भाई नयन श्रीमाली के साथ लौट रहे थे तभी चामुंडा माता मंदिर से आगे महादेव मंदिर के पास सड़क पर लेपर्ड नजर आया। लेपर्ड काफी दूरी तक सड़क पर चलता रहा और दोनों भाई पीछे से उसका वीडियो बनाते रहे। कुछ क्षण बाद वह सड़क पार कर जंगल में गायब हो गया।
स्थानीय ग्रामीण मुकेश श्रीमाली ने बताया कि इस मार्ग पर लेपर्ड को पहले भी कई बार देखा गया है। ताजा वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
