अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत
Share
गोगुंदा-पिण्डवाड़ा हाईवे पर हुआ हादसा, वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम
उदयपुर, 25 सितम्बर: जिले के गोगुंदा-पिण्डवाड़ा हाईवे पर कीर्ति राज पैलेस होटल के पास बुधवार देर रात एक तेंदुआ सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। तेज रफ्तार वाहन से टकराने पर तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मृत तेंदुए को कब्जे में लेकर उदयपुर स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद गोगुंदा वन नर्सरी में नियमानुसार उसकी अंत्येष्टि कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि हाईवे पर आए दिन वन्यजीव वाहनों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से मांग की कि संवेदनशील इलाकों में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड, साइनलाइट और स्पीड कंट्रोल के स्थायी उपाय किए जाएं।
