उदयपुर में सिंगापुर और दुबई की तर्ज पर किए जा सकते हैं लाइट एंड साउंट शो और वाटर शो
Share
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की उदयपुर में पर्यटन को नई पहचान देने की पहल
बोलीं, नाइट टूरिज्म और वाटर शो की तलाश करें शुरू, विशेषज्ञों की सेवाएं लें
उदयपुर, 14 सितम्बर
उप मुख्यमंत्री तथा वित्त, पर्यटन, कला-संस्कृति और महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने उदयपुर में नाइट टूरिज्म और वाटर शो की संभावनाओं पर काम करने के निर्देश दिए और कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शहर की झीलों और प्राकृतिक वातावरण का उपयोग विश्वस्तरीय ढंग से किया जाए।
दिया कुमारी ने कहा कि उदयपुर देश-विदेश में पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। यहां सिंगापुर और दुबई की तर्ज पर लाइट एंड साउंड शो अथवा वाटर शो आयोजित किए जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने झीलों और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोपरि मानते हुए कार्ययोजना बनाने पर बल दिया। उन्होंने ट्राइबल टूरिज्म सर्किट में जनजातीय स्थलों को शामिल करने और महाराणा प्रताप ट्यूरिस्ट सर्किट के शीघ्र शिलान्यास के भी संकेत दिए।
विकास कार्यों में गति और पारदर्शिता
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। जहां आवश्यक हो, वहां विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी की गारंटी अवधि वाली सड़कों की मरम्मत दीपावली से पहले पूरी कराने और लापरवाही पर संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा ऐप को जिला प्रशासन से जोड़ने की बात कही ताकि कार्यों की जमीनी स्तर पर बेहतर मॉनिटरिंग हो सके।
महिला एवं बाल विकास पर विशेष जोर
दिया कुमारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और मॉडल केंद्रों की प्रगति जानी। उन्होंने नेटवर्क विहीन केंद्रों का सर्वे कराकर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और माइग्रेट होने वाले बच्चों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला कलेक्टर नमित मेहता, एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, पर्यटन विभाग की अतिरिक्त निदेशक शिखा सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
