शादियों में आभूषणों की सीमा तय, सोना 4 तोला और चांदी 400 ग्राम तक
Share
बांसवाड़ा में हाड़खरा पटेल समाज का बड़ा फैसला, दिखावे और कर्ज से बचने की पहल
बांसवाड़ा, 21 दिसम्बर: शादियों में बढ़ते खर्च और सामाजिक दिखावे पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बांसवाड़ा के हाड़खरा पटेल समाज ने अहम निर्णय लिया है। समाज ने विवाह समारोह में सोने और चांदी के आभूषणों की अधिकतम सीमा तय करते हुए इसे तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया है। इस फैसले को मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
हाड़खरा पटेल समाज की बैठक में तय किया गया कि अब शादी-ब्याह में सोने के आभूषण चार तोला से अधिक नहीं होंगे, वहीं चांदी की सीमा अधिकतम 400 ग्राम निर्धारित की गई है। समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि रईसी की होड़ में कई परिवार अनावश्यक कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं, जिससे पारिवारिक और सामाजिक असंतुलन पैदा होता है। इसी को रोकने के लिए यह पहल की गई है।
यह निर्णय भारत सिंह बोदला की अध्यक्षता में आयोजित समाज की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि गौतम भाई सियापुर तथा विशिष्ट अतिथि कालुसिंह छींच, अनार सिंह कोहाला, देवेन्द्र पाटीदार, नाहर सिंह और रूपेंग बांसला उपस्थित रहे।
बैठक में समाज के सम्मेलनों के लिए सहयोग राशि 11 हजार रुपये तय करने का भी निर्णय हुआ। साथ ही छात्रावास परिसर में नए भवन निर्माण के लिए नगर परिषद से अनुमति लेने पर चर्चा की गई। समाज ने स्पष्ट किया कि ये नियम केवल सुझाव नहीं, बल्कि तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
