खुले घूमेंगे शेर, सुरक्षित जिप्सी में निहारेंगे दर्शक
Share
भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने के कार्यक्रमों के बीच शुरू हो जाएगी उदयपुर की लॉयन सफारी
उदयपुर, 8 दिसंबर: उदयपुर पर्यटन को एक नया आयाम देने वाली लॉयन सफारी का इंतज़ार अब खत्म होने जा रहा है। जयपुर की नाहरगढ़ लॉयन सफारी के बाद उदयपुर की लॉयन सफारी प्रदेश की दूसरी होगी। भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने पर संभागीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कड़ी में इसका उद्घाटन किया जाएगा और यह आम जनता के लिए खुल जाएगी।
सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के हिस्से में लगभग 20 एकड़ भूमि पर लॉयन सफारी विकसित करने में 3 करोड़ 45 लाख रुपए का खर्चा आया। लॉयन सफारी को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि पर्यटक शेरों को प्राकृतिक वातावरण में नजदीक से देख सकेंगे, जबकि सुरक्षा के लिहाज से वे विशेष रूप से तैयार की गई जिप्सियों में रहते हुए सफारी का रोमांच महसूस करेंगे।
सम्राट और सुनैना होंगे आकर्षण
लॉयन सफारी का मुख्य आकर्षण गुजरात से लाए गए शेर सम्राट और सुनैना होंगे। उपवन संरक्षक यागवेंद्र सिंह चुंडावत के अनुसार इन दोनों शेरों की देखरेख के लिए प्रशिक्षित दल तैनात रहेगा और आधुनिक तकनीक के जरिए शेरों ही नहीं, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
आम भारतीय पर्यटकों के लिए 150—200 के बीच हो सकता है टिकट
पर्यटकों के लिए यहाँ टिकट दरें भी तैयार कर ली गई हैं। स्थानीय दर्शकों के लिए टिकट 150 से 200 रुपये के बीच रहने की संभावना है, वहीं विदेशी पर्यटकों के लिए शुल्क 500 रुपये से अधिक होगा। विभाग का मानना है कि यह सफारी न केवल उदयपुर के पर्यटन में नया आकर्षण होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोज़गार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। विभाग इसे “टूरिज़्म के नए द्वार” के रूप में देख रहा है।
