माही नहर का ओवरफ्लो बना आफत, घरों और खेतों में घुस रहा पानी
Share
लापरवाही पर आरोप-प्रत्यारोप
बांसवाड़ा, 18 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले की चिड़ियावास ग्राम पंचायत के नयापाड़ा मोहल्ले में माही नहर का ओवरफ्लो पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। मंगलवार को नहर का पानी ओवरफ्लो होकर घरों और खेतों में घुस गया, जिससे बुवाई की गई फसलें सड़ने के कगार पर पहुँच गईं। स्थानीय लोग इस समस्या के समाधान न होने से बेहद परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नहर का पुल पुराना और बहुत छोटा है। जब नहर में पानी आता है, तो साथ आया कचरा पुल में फंस जाता है, जिससे पानी का बहाव रुक जाता है और वह ओवरफ्लो होकर रिहायशी इलाकों में घुसने लगता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में माही नहर के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
वहीं, जेईएन भुवनेश पाटीदार ने इस समस्या का ठीकरा ग्रामीणों पर फोड़ा। उन्होंने बताया कि लोग घरों का गंदा पानी सीधे नहर में डाल रहे हैं और अनाधिकृत रूप से नालियां जोड़ दी हैं। इस कारण नहर में गंदगी जमा हो जाती है, जिसे नरेगा श्रमिक भी साफ करने से कतराते हैं। जेईएन ने कहा कि इन लोगों को कई बार नोटिस भी दिए गए हैं, लेकिन वे सुध नहीं ले रहे हैं।
