LOADING

Type to search

उदयपुर में दिनदहाड़े विवाहिता का अपहरण

Local

उदयपुर में दिनदहाड़े विवाहिता का अपहरण

Share

प्रेम विवाह से नाराज परिजनों पर शक, 3 मिनट में अंजाम दी वारदात

उदयपुर, 17 सितम्बर
उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र के भटेवर गांव में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 8-10 बदमाशों ने 23 वर्षीय महिला कोमल को उसके घर से जबरन घसीटकर कार में डाल दिया और फरार हो गए। पूरी वारदात महज 2-3 मिनट में घटित हो गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार कोमल ने छह महीने पहले पवन जणवा (25) से लव मैरिज की थी। परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था और कई बार एतराज भी जता चुका था। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि परिजनों की नाराजगी ही इस अपहरण के पीछे कारण हो सकती है।
थानाधिकारी सुरेश बिश्नोई ने बताया कि एक कार का पता चला है, जो चित्तौड़गढ़ की है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो गाड़ियां घर के बाहर आकर रुकीं। उनमें से कुछ युवक उतरे और सीधे घर में घुस गए। उन्होंने अंदर बैठी महिला को घेर लिया, महिला के ससुर को कमरे में बंद कर दिया और कोमल को मारपीट करते हुए बाहर खींचकर ले गए। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश उसे गाड़ी में डालकर फरार हो गए। घटना के वक्त महिला का पति पवन घर पर मौजूद नहीं था। लौटने पर उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी का अपहरण हो चुका है। उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत है। पुलिस इसे ऑनर क्राइम से जुड़ा मामला मानकर गंभीरता से जांच कर रही है। ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी रही और लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *