LOADING

Type to search

भारी डिस्काउंट का झांसा देकर इलेक्ट्रॉनिक सामान में लाखों की ठगी

Local

भारी डिस्काउंट का झांसा देकर इलेक्ट्रॉनिक सामान में लाखों की ठगी

Share

अस्थायी शोरूम खोलकर एडवांस लिया, ताला लगाकर फरार हुए कारोबारी
बांसवाड़ा, 21 जनवरी:
बांसवाड़ा के परतापुर कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक सामान पर भारी छूट का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाहर से आए कुछ व्यापारियों ने शीतल कॉम्प्लेक्स में अस्थायी शोरूम खोलकर फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन और कूलर जैसे सामानों पर 45 प्रतिशत तक डिस्काउंट का प्रचार किया और लोगों से एडवांस राशि वसूलने के बाद दुकान बंद कर फरार हो गए।
पहले सामान देकर जीता भरोसा
पीड़ितों ने बताया कि हरि मंदिर गली स्थित कॉम्प्लेक्स में कुछ दिन पहले कारोबारियों ने दुकान शुरू की थी। शुरुआती दिनों में कुछ ग्राहकों को समय पर सामान देकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने पंखे, अलमारी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के लिए हजारों से लेकर लाखों रुपये तक एडवांस जमा करा दिए।
दुकान पर ताला, फोन बंद
जब तय समय पर सामान नहीं मिला तो ग्राहक दुकान पहुंचे। वहां ताला लटका देख और संचालकों के मोबाइल फोन बंद मिलने पर ठगी का अहसास हुआ। बड़ी संख्या में पीड़ित मौके पर एकत्रित हो गए और हंगामा किया, जिसके बाद सभी गढ़ी थाने पहुंचे।
तमिलनाडु के बताए जा रहे आरोपी
गढ़ी थानाधिकारी तेजसिंह सांदू ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सामान के नाम पर एडवांस लेकर फरार होने की शिकायतें मिली हैं। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी तमिलनाडु क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *