सांसद डॉ. रावत ने अधिकारियों को लगाई फटकार
Share
राष्ट्रीय राजमार्ग 927 ए पर अवरोध हटाने के दिए निर्देश
उदयपुर, 14 सितम्बर
खेरवाड़ा उपखंड में रतलाम-स्वरूपगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 927 ए पर सुलई से मगरा तक मार्ग पर भारी वर्षा से हुए अवरोध को खुलवाने में लेटलतीफी करने पर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने तुरंत कार्रवाई के आदेश देते हुए मरम्मत कार्य का तखमीना तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने को कहा।
सांसद रावत ने बताया कि सड़क अवरुद्ध होने से जनता को परेशानी हो रही है और इसे प्राथमिकता से निपटाना आवश्यक है। क्षेत्रवासियों ने भी इस संबंध में उन्हें जानकारी दी। सार्वजनिक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग वृत्त के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि खेरवाड़ा क्षेत्र में एक दिन में लगभग 156 मि.मी. वर्षा हुई थी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ हिस्सों में क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्थायी मरम्मत कार्य कर मार्ग पर आवागमन सुचारु कर दिया गया है। अधिशासी और सहायक अभियंता द्वारा निरीक्षण के बाद स्थायी सुधार के लिए तखमीना तैयार कर क्षेत्रीय अधिकारी और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, जयपुर को भेजा गया है। सांसद ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि इस कार्य में कोई देरी स्वीकार्य नहीं होगी और मरम्मत जल्द पूरी करनी होगी।
