LOADING

Type to search

डूंगरपुर में दिवाली पर युवक की हत्या का मामला: तीन दिन बाद हुआ पोस्टमॉर्टम

Local

डूंगरपुर में दिवाली पर युवक की हत्या का मामला: तीन दिन बाद हुआ पोस्टमॉर्टम

Share

परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
डूंगरपुर, 24 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
डूंगरपुर में दिवाली की रात हुई युवक की हत्या के मामले में तीन दिन तक तनाव की स्थिति बनी रही। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते शव का पोस्टमॉर्टम तीन दिन तक नहीं हो सका। शुक्रवार को प्रशासन की समझाइश के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस ने सात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन बाइक पर आए हमलावरों ने किया था हमला
सदर थानाधिकारी सुबोध कुमार के अनुसार, हिराता निवासी कृष्णलाल रोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा राजेंद्र रोत (22) अहमदाबाद में काम करता था और दिवाली पर घर आया था। वह अपने चचेरे भाई कौशिक रोत (17) के साथ खेरवाड़ा मोतली मोड़ पर उतरा था। देर शाम तक गाड़ी नहीं मिलने पर दोनों पैदल ही अपनी बुआ के घर देवल फेरा फला जा रहे थे। इसी दौरान देवल स्कूल के पास तीन बाइक पर सवार सात युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने दोनों को लात-घूंसों से पीटा और राजेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई।
गिरफ्तारी की मांग पर परिजन अड़े रहे
हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाने का निर्णय लिया। पुलिस अधिकारियों ने लगातार समझाइश की और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद तीसरे दिन पोस्टमॉर्टम किया गया और शव परिजनों को सौंपा गया।
पिता बोले- दिवाली मनाने आया था बेटा, मौत की खबर मिली
मृतक के पिता कृष्णलाल रोत ने बताया कि बेटा दिवाली मनाने घर आ रहा था। बस से उतरने के बाद गाड़ी नहीं मिलने पर वह पैदल बुआ के घर जा रहा था, तभी बदमाशों ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत से परिवार की दिवाली मातम में बदल गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *