कोटड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग बदहाल, यात्रियों को जोखिम उठाकर करना पड़ रहा सफर
Share
उदयपुर, 9 सितम्बर
कोटड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 927ए, जो स्वरूपगंज से रतलाम को जोड़ता है, कई जगहों पर पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। पानरवा से कोटड़ा के बीच खाचन स्कूल के पास वैकल्पिक रास्ता भी क्षतिग्रस्त होने से यात्री और वाहन बाधित हो गए हैं। मांडवा से स्वरूपगंज मार्ग पर मांडवा की सेई नदी और रोहिड़ा की सुकली नदी ऊफान पर हैं, जिससे पांचवें दिन भी मार्ग अवरुद्ध बना हुआ है।
कोटड़ा के झेड़, कुकावास, सामोली, तिलरवा और खुना सहित कई ग्राम पंचायतों का संपर्क कोटड़ा से पूरी तरह कट गया है। इससे आमजन, मरीज, कर्मचारी और व्यापारी जोखिम उठाकर ही आवाजाही करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोग ऊफान वाली नदियों और क्षतिग्रस्त पुलियों के पार खुद ही गुजर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने चेतावनी जारी की है, लेकिन भारी बारिश और मार्ग की खराब स्थिति के कारण राहत और मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नैशनल हाईवे 927ए के इस हिस्से पर आवाजाही में कठिनाइयां लगातार बढ़ रही हैं और लोग जान जोखिम में डालकर ही अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन से मार्ग बहाली और अस्थाई पुलियों की मरम्मत तुरंत कराने की अपील की है, ताकि आवाजाही सुरक्षित हो सके और लोगों की परेशानी कम हो।
