NCERT की किताब में ऐतिहासिक गलती पर भड़के विश्वराज सिंह
Share
कहा- मेवाड़ में शासन केवल मेवाड़ का रहा, मराठा साम्राज्य में दिखाना गंभीर विकृति
उदयपुर। 7 अगस्त
नाथद्वारा से भाजपा विधायक और मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ ने NCERT की कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान की पुस्तक में छपे एक गलत नक्शे पर कड़ा ऐतराज जताया है। इस नक्शे में मेवाड़ सहित राजस्थान की 19 रियासतों को मराठा साम्राज्य के अंतर्गत दिखाया गया है।
उदयपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक तथ्यों से गंभीर छेड़छाड़ है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “मेवाड़ में राज केवल मेवाड़ का रहा है। न मुगलों, न अंग्रेजों और न ही मराठों का यहां शासन रहा है।”
इतिहास आत्मा का आईना, इसे विकृत करना पहचान से खिलवाड़
विश्वराज सिंह ने कहा कि यह केवल शैक्षणिक गलती नहीं है, बल्कि यह आगामी पीढ़ियों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक समझ को भ्रमित करने वाला कार्य है। उन्होंने कहा, “इतिहास केवल विषय नहीं है, यह हमारी आत्मा का आईना है। इसे बार-बार विकृत करना हमारी पहचान से खिलवाड़ है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मेवाड़ ने हमेशा स्वतंत्रता और स्वाभिमान के साथ शासन किया है। चाहे मुगलों का दबाव रहा हो या मराठों का, मेवाड़ ने कभी भी अपनी संप्रभुता नहीं छोड़ी।
मंत्री से बात कर सुधार की मांग की, शिक्षा को बताया संवेदनशील क्षेत्र
विश्वराज सिंह ने बताया कि उन्होंने इस त्रुटि के सुधार के लिए शिक्षा मंत्री से सीधे बातचीत की है। उन्होंने कहा, “शिक्षा को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि यहीं से बच्चों की सोच और भावनाएं बनती हैं।”
उन्होंने NCERT और शिक्षा मंत्रालय से इस गलत नक्शे को तुरंत सुधारने की मांग की और यह भी कहा कि इतिहास को केवल तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही प्रस्तुत किया जाना चाहिए। यह मामला इतिहास के साथ खिलवाड़ का है और इससे मेवाड़ी गौरव और अस्मिता को ठेस पहुंची है।
