नेपाल में हिंसा: पूर्व पीएम की पत्नी जिंदा जलाई गई, PM ओली ने दिया इस्तीफा
Share
संसद भवन में घुसे प्रदर्शनकारी, सुरक्षाबलों से छीने हथियार; 22 की मौत, 400 घायल
काठमांडू, 9 सितम्बर
नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता और प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है। सोमवार देर रात राजधानी काठमांडू और आसपास के क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति आवास सहित कई सरकारी परिसरों में आग लगा दी। उन्होंने सुरक्षाबलों से हथियार भी छीन लिए और तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों के घरों को निशाना बनाया।
पूर्व पीएम झालानाथ खनाल के घर पर हमला कर आगजनी की गई, जिसमें उनकी पत्नी राजलक्ष्मी चित्रकार गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें कीर्तिपुर बर्न अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा पर भीड़ ने घर में घुसकर हमला किया, जबकि वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को काठमांडू में सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी उनके सीने पर लात मारते दिखे।
बढ़ती हिंसा और हमलों के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। सेना के हेलिकॉप्टर से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अब तक की झड़पों और आगजनी में 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख सेना को अलर्ट पर रखा गया है और राजधानी में कर्फ्यू लगाने की तैयारी है।
