कन्फर्म रेल टिकट की तारीख अब बिना एक्स्ट्रा चार्ज बदली जा सकेगी
Share
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर : अब यात्री अपने कन्फर्म रेल टिकट की यात्रा की तारीख बदल सकते हैं और इसके लिए कोई कैंसिलेशन फीस या अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह नई सुविधा जनवरी 2026 से IRCTC वेबसाइट और एप पर उपलब्ध होगी।
नई व्यवस्था के तहत टिकट कन्फर्म होने पर रीबुकिंग ऑप्शन मिलेगा। यात्री उसी ट्रेन में नई तारीख चुन सकेंगे और सीट उपलब्ध होने पर बुकिंग कन्फर्म होगी। हालांकि, कन्फर्म टिकट की गारंटी सीट उपलब्धता पर निर्भर होगी।
यह बदलाव उन यात्रियों के लिए राहत देने वाला है, जिन्हें अपने प्लान बदलने पर नए टिकट की जरूरत पड़ती थी और साथ ही कैंसिलेशन फीस भी देना पड़ता था। वर्तमान में AC फर्स्ट क्लास/एग्जीक्यूटिव क्लास का टिकट कैंसिल करने पर 240 रुपए + GST, AC 2 टियर/फर्स्ट क्लास 200 रुपए + GST, AC 3 टियर/AC चेयर/AC 3 इकोनॉमी 180 रुपए + GST और स्लीपर/सेकंड क्लास में 120/60 रुपए कटते हैं।
नए सिस्टम के शुरू होने के बाद यात्री बिना अतिरिक्त खर्च के तारीख बदल सकेंगे, लेकिन वेटिंग टिकट के लिए अभी कोई सुविधा नहीं है।
