अफसर सुनते नहीं, कड़ाई से पेश आएं सीएम, रेप केस रोंगटे खड़े कर रहे: गहलोत
Share
उदयपुर, 20 सितम्बर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक के बाद एक रेप की घटनाएं हो रही है। आंकड़ों को देखें तो रेप के केस से रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इसमें कोई राजनीति नहीं हो सकती है। बांसवाड़ा का रेप केस दिल्ली के निर्भया कांड के जैसा केस है।
वे शनिवार को उदयपुर प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि प्रदेश में अफसरशाही हावी है। मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक की कोई सुनता नहीं है। मुख्यमंत्री को कड़ाई से पेश आना होगा। वे कहते हैं हर गलती कीमत मांगती है और अगर ऐसा नहीं हुआ तो कीमत चुकानी होगी। सरकार की जिम्मेदारी है कि कानून व्यवस्था और इकबाल को कायम रखे। भय से ही ऐसे केस रुकेंगे। इकबाल जब सरकार और पुलिस का होगा तब लोग शिकायत दर्ज कराने का साहस करेंगे। इस तरह के केसों का कई दिनों तक मालूम ही नहीं पड़ा। घर वाले भी बदनामी से डरते हैं। गहलोत ने कहा कि पक्ष हो या विपक्ष सबकी जिम्मेदारी बनती है कि अपराधियों में कैसे भय पैदा हो, इसके लिए सरकार की मदद करें।
गहलोत ने कहा कि वे सीएम भजनलाल शर्मा से कहना चाहते हैं कि इस माहौल को तोड़ना चाहिए। वे राजनीति की बात नहीं करते। उनकी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों की अफसरों के सामने चलती नहीं है। यहां तक मुख्यमंत्री की भी नहीं सुनते हैं। सीएम को कड़ाई से पेश आना चाहिए। वे कहते हैं कि हर गलती कीमत मांगती है, आज भी कह रहे हैं इन्होंने गलती की है तो कीमत चुकानी होगी। गलती करने वालों पर एक्शन लें, इससे कोई दुश्मनी थोड़ी हो जाएगी, गलती की है तो सजा तो मिलेगी। सुविवि कुलगुरू सुनीता मिश्रा के विवादित बयान पर गहलोत ने कहा कि पद पर बैठे व्यक्ति को ध्यान रखना चाहिए। अनावश्यक न बोलें। छात्रसंघ चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि एनएसयूआई ने चुनाव कराने की आवाज उठाई है तो वे पूछ रहे हैं कि सरकार क्यों नहीं करा रही जबकि दिल्ली में हो रहे हैं। यहां एनएसयूआई छात्र के खिलाफ केस बनाए जा रहे हैं, ये क्या नीति है। बांसवाड़ा में परमाणु ऊर्जा परियोजना के शिलान्यास के संबंध में गहलोत ने कहा कि जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बने तब इस पर काम शुरू हुआ था। ऐसी योजनाओं को पूरा होने में समय लगता है। परियोजना के धरातल पर आने की खुशी है।
ऑपरेशन सिंदूर में भारत को नहीं मिला किसी देश का साथ
डूंगरपुर के सागवाड़ा पहुंचने पर पूर्व सीएम गहलोत का सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान गहलोत ने केंद्र पर हमला करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय भारत का साथ किसी देश ने नहीं दिया, जबकि चीन खुलकर पाकिस्तान के साथ खड़ा था। अमरीका ने क्या किया सबको पता है। रशिया ने भी साथ नहीं दिया। भारत सरकार को इस पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार के डबल इंजन का नारा फेल हो गया है। राज नाम की कोई चीज नहीं है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि विपक्ष की आलोचना को स्वीकार करे। उन्होंने कहा कि वोट चोरी की बात सामने आ रही है। ये नौबत क्यों आई। चुनाव आयोग की ड्यूटी है कि निष्पक्ष चुनाव करवाए। गहलोत यहां एआईसीसी मेंबर दिनेश खोड़निया के माताजी की विनयांजलि सभा में शामिल होने आए थे।
