स्याही-कांड के आरोपी की पिटाई पर आक्रोश
Share
क्षत्रिय एकता मंच मेवाड़ का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, 7 मांगों का ज्ञापन सौंपा
राजसमंद, 23 दिसंबर: राजसमंद में सड़क नामकरण विवाद के दौरान आयुक्त-सभापति पर स्याही फेंकने वाले युवक की कथित पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से नाराज क्षत्रिय एकता मंच मेवाड़ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर पुलिस-प्रशासन और नगर परिषद की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मंच से जुड़े लोग 100 फीट रोड से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और गेट नंबर-1 के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस-प्रशासन, नगर परिषद आयुक्त और स्थानीय विधायक के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों की मांग पर कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा बाहर आए और ज्ञापन लिया। कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी नगर परिषद आयुक्त और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्रेट की पहली मंजिल पर कलेक्टर से वार्ता की। इस दौरान आयुक्त व कर्मचारियों के निलंबन, भाजपा नेता भरत दवे व मंगल सिंह के खिलाफ दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच, मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी सहित कुल सात मांगें रखी गईं। कलेक्टर ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन के दौरान डीएसपी नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। धरने में भाजपा नेता महेंद्र सिंह, एडवोकेट भरत पालीवाल, अरविंद सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
