PM मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला: ‘पटेल चाहते थे पूरा कश्मीर हमारा हो, नेहरू ने बांटा
Share
कांग्रेस को गुलाम मानसिकता विरासत में मिली’
वडोदरा, 31 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर कांग्रेस और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचे, जहां उन्होंने सरदार पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा (स्टेच्यू ऑफ यूनिटी) पर पुष्पांजलि अर्पित की और ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ परेड को संबोधित किया।
नेहरू पर कश्मीर को बांटने का आरोप
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि “सरदार पटेल पूरे कश्मीर को भारत में मिलाना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने ऐसा नहीं होने दिया। कश्मीर को अलग संविधान से बांट दिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की इस गलती की आग में देश दशकों तक जलता रहा।
कांग्रेस को ‘गुलाम मानसिकता’ विरासत में मिलने का आरोप
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर अंग्रेजों की ‘गुलाम मानसिकता’ को विरासत में लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 1905 में जब अंग्रेजों ने बंगाल का विभाजन किया, तब ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्र की एकता की आवाज बना। उन्होंने कहा कि अंग्रेज ‘वंदे मातरम्’ पर प्रतिबंध लगाने में कभी सफल नहीं हुए, लेकिन “जो काम अंग्रेज नहीं कर पाए, वह कांग्रेस ने कर दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस ने धार्मिक आधार पर वंदे मातरम् के एक हिस्से को हटा दिया। इसका मतलब है कि कांग्रेस ने समाज को विभाजित किया और ब्रिटिश एजेंडे को आगे बढ़ाया।”
भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस परेड
पीएम ने अपने संबोधन से पहले राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की सलामी ली। परेड में शामिल सभी टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अफसरों ने किया। परेड में BSF, CISF, ITBP, CRPF, और सीमा सुरक्षा बल समेत 16 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। परेड में BSF के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता भी शामिल हुए।
इस दौरान गणतंत्र दिवस की तर्ज पर 10 झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें NDRF, NSG, जम्मू-कश्मीर, अंडमान और निकोबार, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की झांकियां शामिल थीं। वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने फ्लाई पास्ट किया, जबकि NSG का हेल मार्च और असम पुलिस का मोटरसाइकिल स्टंट शो आकर्षण का केंद्र रहा। एकता नगर में 1 से 15 नवंबर तक ‘भारत पर्व 2025’ का भी आयोजन किया जाएगा, जो भारत की समृद्ध विरासत और विविधता में एकता की भावना को प्रदर्शित करेगा।
