LOADING

Type to search

बनियास गांव में चंदन चोरी को लेकर थाने का घेराव

Local

बनियास गांव में चंदन चोरी को लेकर थाने का घेराव

Share

एक माह बाद भी खुलासा नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश; थानाधिकारी ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
पारसोली, 20 जनवरी
: बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली थाना अंतर्गत बनियास गांव में एक माह पूर्व हुई चंदन चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। मंगलवार सुबह नाराज ग्रामीणों ने पारसोली पुलिस थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और चोरी के मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की सुस्ती के चलते क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं कई चोरियां
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि पारसोली कस्बे और आसपास के गांवों में इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएं हुई हैं। इन मामलों में समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद पुलिस की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी कारण लोगों का पुलिस पर से भरोसा कमजोर होता जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि चंदन चोरी जैसे गंभीर मामले में यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती है, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सूचना पर थानाधिकारी शिवराज राव ग्रामीणों से मिले और उन्हें निष्पक्ष व गहन जांच का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *