पिस्टल के साथ रील पोस्ट करना पड़ा भारी, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
Share
उदयपुर, 23 दिसंबर: सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और रील पोस्ट कर आमजन में भय फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। घण्टाघर थाना पुलिस ने पिस्टल के साथ रील पोस्ट करने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर शहर में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पश्चिम के सुपरविजन में थानाधिकारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने महावतवाड़ी निवासी मोहम्मद सोहेल उर्फ अन्ना को दबोचा।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर खुद को पुलिस, विधायक और मंत्री से न डरने वाला बताते हुए वीडियो पोस्ट किया था। इसके बाद उसने हाथ में पिस्टल लेकर रील डालकर अपनी गैंग का वर्चस्व दिखाने का प्रयास किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और गंभीर मारपीट सहित 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह हाथीपोल क्षेत्र में फायरिंग की घटना के मामले में जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
