प्रतापगढ़: बैलारा–कुलथाना सड़क निर्माण एक साल से अधूरा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Share
प्रतापगढ़, 25 नवंबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): प्रतापगढ़ जिले में बैलारा से कुलथाना बिलेसरी (एमपी सीमा) तक सड़क निर्माण कार्य पिछले एक साल से रूका हुआ है। तीन वर्ष पहले शुरू हुई इस सड़क परियोजना को ठेकेदार अधूरा छोड़ चुका है। लंबित कार्य के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों में काम शुरू नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करते हुए सड़क जाम कर दिया जाएगा।
अधूरी सड़क से बढ़ रहा हादसों का खतरा
निर्माण रुकने से सड़क पर सिर्फ बड़ी गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है, जिससे रास्ता अत्यंत असुविधाजनक और जोखिमभरा बन गया है। मोटरसाइकिल सवारों और भारी वाहनों को संतुलन बनाने में कठिनाई होती है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
शिकायतों पर नहीं हो रही सुनवाई
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार और संबंधित विभाग को कई बार फोन पर और मौखिक रूप से शिकायतें दीं, परंतु किसी भी स्तर पर समाधान नहीं हुआ। इससे क्षेत्र के आमजन में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो सड़क जाम
ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर से तुरंत हस्तक्षेप कर विभाग व ठेकेदार को कार्य शुरू करवाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे में काम प्रारंभ नहीं होता, तो वे सड़क बंद कर आंदोलन करेंगे और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी विभाग व ठेकेदार की होगी। घटना स्थल पर प्रवीण सिंह, जगदीश, रोहित, मोहित, विजयपाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
