प्रतापगढ़ सभापति ने शहर में गंदगी और अव्यवस्था पर जताई नाराज़गी
Share
जिला कलेक्टर पर काम में बाधा डालने का आरोप
नालों में कचरा और जलजमाव देख भड़कीं रामकन्या गुर्जर, स्वच्छता सुधार की चेतावनी दी
प्रतापगढ़, 12 नवम्बर : प्रतापगढ़ नगर परिषद की निवर्तमान सभापति रामकन्या प्रह्लाद गुर्जर ने बुधवार को शहर के प्रमुख नालों और मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जगह-जगह फैली गंदगी, जाम नालों और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने साफ कहा कि नगर परिषद सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर है, परंतु प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिलने से कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है।
सभापति गुर्जर ने निरीक्षण के दौरान शहर के बलाई मोहल्ला, छोटा बाजार, बस स्टैंड क्षेत्र और पुरानी आबादी में जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर नालों में कचरा और गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे सड़ांध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद सफाईकर्मियों को सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
गुर्जर ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला कलेक्टर द्वारा नगर परिषद के विकास कार्यों में जानबूझकर अड़चनें डाली जा रही हैं। उन्होंने कहा, “शहर की सफाई और नालों की मरम्मत प्राथमिक आवश्यकता है, लेकिन संबंधित विभागों और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है, जिसमें राजनीति की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”
सभापति ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों में ठोस सुधार नहीं हुआ, तो नगर परिषद के जनप्रतिनिधि सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए और गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। सभापति के निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अधिकारी, पार्षद और कर्मचारी उपस्थित रहे।
