LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ : एक साल में जब्त किया 133 करोड़ के मादक पदार्थ, 50 लाख की साइबर ठगी राशि भी लौटाई

Local

प्रतापगढ़ : एक साल में जब्त किया 133 करोड़ के मादक पदार्थ, 50 लाख की साइबर ठगी राशि भी लौटाई

Share

डिजिटल पुलिसिंग पर फोकस: 2026 में अपराधियों और संवेदनशील इलाकों का बनेगा डेटा बेस
प्रतापगढ़, 1 जनवरी
: प्रतापगढ़ जिले में वर्ष 2025 के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी, साइबर अपराध और सामाजिक अपराधों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। गुरुवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों और वर्ष 2026 की रणनीति की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि वर्ष 2025 में अवैध मादक पदार्थों से जुड़े 110 प्रकरण दर्ज कर 199 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 7020 किलो डोडा-चूरा, 13.390 किलो अफीम, 22.912 किलो ब्राउन शुगर, 12.882 किलो एमडी पाउडर, 160.774 किलो गांजा, 256 किलो गांजे के पौधे और लिक्विड एमडीएम जब्त की गई। इसके साथ ही 6 लाख रुपए नकद, 52 दोपहिया और 33 चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 133 करोड़ 39 लाख रुपए आंकी गई है।
ऑपरेशन चक्रव्यूह में 73 गिरफ्तारी
29 जुलाई से 31 दिसंबर तक चले ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 56 मामलों में 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 77 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ व वाहन जब्त किए गएं ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत इंदौर में मजदूरी का झांसा देकर महाराष्ट्र के शोलापुर में बंधक बनाए गए आदिवासी समुदाय के 53 लोगों को मुक्त कराकर सुरक्षित प्रतापगढ़ लाया गया। वहीं ‘ऑपरेशन सद्भावना’ में प्रत्येक थाने ने एक-एक विद्यालय गोद लेकर बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की और नशा मुक्ति व साइबर अपराधों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
स्टंटबाजों और साइबर अपराध पर सख्ती
‘ऑपरेशन पंजा’ के तहत सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले 24 स्टंटबाज गिरफ्तार किए गए और 44 स्पोर्ट्स बाइक जब्त की गईं।
साइबर अपराधों में मिली 726 शिकायतों में से 2.65 करोड़ की ठगी राशि में से 50 लाख रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए गए। साथ ही 952 आईएमईआई और 356 मोबाइल नंबर ब्लॉक, जबकि 494 गुमशुदा मोबाइल लौटाए गए।
2026 की रणनीति
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि वर्ष 2026 में डेटा बेस पॉलिसी के तहत अपराधियों और संवेदनशील क्षेत्रों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। साथ ही टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग, जनसुनवाई और सामुदायिक पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रेसवार्ता में एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी गजेंद्र सिंह राव भी मौजूद रहे।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *