राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की प्रतापगढ़ की थेवाकला की प्रशंसा
Share
हैदराबाद में भारतीय कला महोत्सव का शुभारंभ, कलाकार जितेश सोनी का थेवाकला प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र
प्रतापगढ़, 23 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित भारत के सबसे बड़े भारतीय कला महोत्सव के शुभारंभ समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतापगढ़ की विश्व प्रसिद्ध थेवाकला की खुलकर सराहना की। पश्चिम भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित इस महोत्सव में देशभर के प्रमुख कलाकारों ने अपनी-अपनी विशिष्ट कलाओं का प्रदर्शन किया, जिनमें प्रतापगढ़ के युवा थेवा कलाकार जितेश सोनी का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
जितेश सोनी ने कांच पर स्वर्ण कारीगरी वाली पारंपरिक थेवाकला को आधुनिकता के साथ प्रस्तुत किया, जिसे देखकर राष्ट्रपति मुर्मू ने गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने सोनी से थेवा कला के इतिहास, निर्माण प्रक्रिया और इसे संरक्षित रखने के प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। राष्ट्रपति ने थेवाकला के संरक्षण और वैश्विक स्तर पर बढ़ती पहचान के लिए सोनी द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने जितेश सोनी की प्रस्तुति को भारतीय हस्तशिल्प कला का अनूठा उदाहरण बताते हुए थेवाकला को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतापगढ़ की थेवाकला लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रही है, और इस सम्मान ने कलाकारों का मनोबल और अधिक बढ़ा दिया है।
