मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित 2.26 करोड़ की संपत्ति जब्त
Share
अफीम तस्कर देवीसिंह और उसके बेटे अर्जुनसिंह पर शिकंजा, बेटा अब भी फरार
प्रतापगढ़, 12 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज): जिले की छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित की गई 2 करोड़ 26 लाख 80 हजार रुपए की संपत्ति को जब्त किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की है। मामला 23 अप्रैल 2025 का है, जब बरखेड़ा बस स्टैंड के पास पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति बुद्धाराम को पकड़कर उसके पास से 2 किलो 25 ग्राम अवैध अफीम बरामद की थी।
पूछताछ में बुद्धाराम ने खुलासा किया था कि अफीम उसे देवीसिंह निवासी गोमाना ने अपनी होटल पर दी थी। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी देवीसिंह को पुलिस ने 30 जुलाई को गिरफ्तार किया, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।
जांच में सामने आया कि देवीसिंह लंबे समय से अवैध अफीम और डोडाचूरा की तस्करी में लिप्त है। उसके खिलाफ अब तक 6 मामले दर्ज होकर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जा चुके हैं। वहीं, उसका बेटा अर्जुनसिंह भी इसी कारोबार में सक्रिय है और 6 मामलों में वांछित चल रहा है। पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। अब पुलिस ने देवीसिंह की तस्करी से अर्जित 2.26 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसपी प्रतापगढ़ की निगरानी में की गई।
