राजस्थान साहित्य अकादमी : पुरस्कृत साहित्यकारों को सम्मानि निधि का इंतजार
Share
दो साल बाद भी नहीं मिली सम्मान राशि, सरकार बदलते ही अध्यक्ष बदले और अटकी सम्मान निधि
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 7 नवम्बर: राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर ने साल 2023 में युवा साहित्यकार दर्पण चंडालिया को उनकी कृति ‘हथेलियों में उगते गुलाब’ (कविता संग्रह) के लिए भीष्मदेव मृदुल युवा पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया। सम्मान में उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह तो प्रदान किए गए, लेकिन 31 हजार रुपए की नकद राशि नहीं दी गई।
सिर्फ दर्पण चंडालिया ही नहीं, अकादमी द्वारा सम्मानित सभी युवा साहित्यकारों को नकद राशि नहीं मिली। साहित्यकार और उनके परिजन कई बार अकादमी को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई। राजस्थान साहित्य अकादमी सर्वोच्च मीरा पुरस्कार सहित 11 विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान करती है। मीरा पुरस्कार में 75 हजार रुपए, सुमनेश जोशी पुरस्कार में 21 हजार रुपए और अन्य नौ पुरस्कारों में 31-31 हजार रुपए नकद राशि देने का प्रावधान है। प्रदेश में आई भजनलाल सरकार के दो साल बाद अकादमी को नया अध्यक्ष नहीं मिल पाया, जिसके चलते साहित्यकारों को मिलने वाली सम्मान निधि भी अटक गई। फिलहाल अकादमी अध्यक्ष का कार्यभार संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी के पास है।
सम्मान राशि समय पर नहीं मिले तो प्रभावित होती है अकादमी की साख: डॉ. सहारन
अकादमी के तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. दुलाराम सहारन ने कहा कि सम्मान राशि तुरंत दी जानी चाहिए थी, नहीं तो अकादमी की साख प्रभावित होती है। अकादमी मंत्री बसंत सिंह सोलंकी ने बताया कि बकाया राशि के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा गया है और जल्द बजट मिलने पर सम्मानित साहित्यकारों को राशि दी जाएगी।
पहले भी आई थी सम्मान निधि प्रदान करने में बाधा : साहित्यकारों को सम्मान निधि देने में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई वर्षों तक सम्मान राशि नहीं दी गई। डॉ. सहारन के कार्यकाल में उन्होंने तीन साल की बकाया निधि दिलवाई थी।
राजस्थान साहित्य अकादमी के पुरस्कार और उनके साथ समर्पित की जाने वाली राशि
क्रम पुरस्कार का नाम संबंधित साहित्यिक विधा/श्रेणी राशि (लगभग)
- मीरा पुरस्कार (सर्वोच्च) हिन्दी साहित्य की किसी भी विधा में उत्कृष्ट कृति (सर्वोच्च पुरस्कार) 75,000/-
- सुधींद्र पुरस्कार कविता 31,000/-
- रांगेय राघव पुरस्कार कहानी, उपन्यास 31,000/-
- देवीलाल सामर पुरस्कार नाटक, एकांकी 31,000/-
- देवराज उपाध्याय पुरस्कार निबंध, आलोचना, पाठ-संपादन, साहित्येतिहास 31,000/-
- कन्हैयालाल सहल पुरस्कार ललित गद्य, व्यंग्य, आत्मकथा, जीवन-चरित्र, संस्मरण, यात्रावृत्त आदि 31,000/-
- डॉ. आलमशाह खान अनुवाद पुरस्कार स्वीकृत भारतीय भाषाओं से हिन्दी में अनूदित कृति 31,000/-
- भीष्मदेव मृदुल युवा लेखन पुरस्कार हिन्दी साहित्य की सभी विधाओं में (35 वर्ष तक के युवा रचनाकार) 31,000/-
- विजयसिंह पथिक साहित्यिक पत्रकारिता एवं रचनात्मक पुरस्कार साहित्यिक पत्रकारिता 31,000/-
- शम्भूदयाल सक्सेना बाल साहित्य पुरस्कार बाल साहित्य (हिन्दी साहित्य की विविध विधाएं) 31,000/-
- सुमनेश जोशी पुरस्कार प्रथम प्रकाशित एकमात्र कृति 21,000/-
