श्रीसांवलियाजी भंडार में रिकॉर्ड तोड़ दान
Share
पांच राउंड में 40 करोड़ पार, अंतिम गिनती में सोने-चांदी का तौल होगा
सांवलियाजी, 26 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): मेवाड़ के कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में दीपावली के बाद खोले गए भंडार ने इस साल इतिहास रच दिया है। बुधवार को पांचवें राउंड में कुल 4 करोड़ 19 लाख 79 हजार रुपए गिने गए, जिससे अब तक कुल दान राशि 40 करोड़ 33 लाख 39 हजार रुपए तक पहुंच गई। माना जा रहा है कि गुरुवार को अंतिम राउंड में सोने-चांदी का तौल और ऑनलाइन-चेक व छोटे नोटों की गिनती के बाद यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
भंडार की गिनती राजभोग आरती के बाद सुबह से शाम तक लगातार चली। इस दौरान मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, सदस्य पवन तिवारी, मंदिर प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, स्टोर प्रभारी मनोहर लाल शर्मा, बालभोग प्रभारी भेरू लाल गुर्जर और विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पहले राउंड में 12 करोड़ 35 लाख रुपए, दूसरे राउंड में 8 करोड़ 54 लाख, तीसरे में 7 करोड़ 8 लाख 80 हजार, और चौथे राउंड में 8 करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपए प्राप्त हुए। मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था इस रिकॉर्ड की सबसे बड़ी वजह है।
मंदिर में देशभर से ऑनलाइन, चेक और अन्य माध्यमों से दान आता है, जिनकी गिनती अभी बाकी है। गुरुवार को अंतिम राउंड में पूरी गिनती और सोने-चांदी का तौल किया जाएगा। इस साल की कुल राशि पिछले साल के 34 करोड़ 91 लाख के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुकी है। मंदिर मंडल का कहना है कि अंतिम आंकड़े के साथ यह भंडार अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक रिकॉर्ड साबित होगा।
