ऋषभदेव के छात्रावासों में पांच महीने से राशन नहीं, 400 बच्चों के भोजन पर संकट
Share
वार्डन निजी खर्च पर चला रहे व्यवस्था, विभाग और मंत्री की चुप्पी
उदयपुर, 26 नवम्बर : ऋषभदेव उपखंड के छह जनजातीय छात्रावासों में पिछले पांच महीने से छात्रों को राशन और भोजन सामग्री नहीं मिली है। इस स्थिति से लगभग 400 बच्चों के दैनिक भोजन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। प्रभावित छात्रावासों में ऋषभदेव (बालिका एवं बालक), ढेलाना, सागवाड़ा, कल्याणपुर और कोजावाड़ा शामिल हैं। जुलाई से राशन आपूर्ति ठप होने के कारण वार्डन निजी खर्च या स्थानीय दुकानदारों से उधार लेकर व्यवस्था चला रहे थे। अब उधार की सीमा पूरी होने और दुकानदारों के मना करने के बाद बच्चों के लिए भोजन उपलब्ध कराना चुनौती बन गया है।
बुनियादी सुविधाओं की भी कमी
सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं के लिए भी महीनों से बजट नहीं मिला। खराब पंखे, कूलर और खेल सामग्री की कमी के कारण बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी असर पड़ रहा है।
मंत्री खराड़ी बोले, वैकल्पिक व्यवस्था की प्रक्रिया जारी
जनजातीय क्षेत्रीय विभाग के उपायुक्त निरमा विश्नोई ने इस संबंध में अनभिज्ञता जताई। मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने बताया कि अच्छी गुणवत्ता की राशन सामग्री नहीं होने के कारण टेंडर रद्द कर दिया गया था और वैकल्पिक व्यवस्था की प्रक्रिया अभी चल रही है। इस संकट से बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य प्रभावित होने का खतरा है, जबकि छात्रावास संचालन की जिम्मेदारी निभाने वाले वार्डन व्यक्तिगत प्रयासों पर निर्भर हैं।
