सचिन पायलट बोले, राज्य सरकार पंचायत चुनाव नहीं करा पा रही, जनता का विश्वास टूटा
Share
उदयपुर, 8 अक्टूबर: राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता सचिन पायलट बुधवार देर शाम उदयपुर पहुंचे। सर्किट हाउस पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अंता विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा और नरेश मीणा की टिकट कटने पर बड़ा बयान दिया। पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने अंता विधानसभा सीट पर सोच-समझकर टिकट दिया है और यह उपचुनाव पार्टी जीतेगी।
सचिन पायलट ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को मौका दिया था, लेकिन यदि सरकार अच्छा काम करती तो आज उसे डरने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव नहीं करा पा रही और जनता में आक्रोश है। पायलट ने कहा, “जब भी राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव होंगे, कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलेगा।”
पूर्व पीसीसी चीफ ने कहा कि पिछले दो साल में सरकार ने जनता का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने सड़क हादसों, अतिवृष्टि, अस्पतालों में आग और टैंकर हादसों के उदाहरण देते हुए सरकार की नाकामी को उजागर किया। पायलट ने कहा कि राजस्थान में जनता के सपने टूट गए हैं और सरकार का इकबाल समाप्त हो चुका है।
सचिन पायलट ने अंता उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के पक्ष में चुनावी समर्थन का भरोसा देते हुए कहा कि चुनाव में विचारधारा और दलों की लड़ाई होती है। पायलट उदयपुर में रात रुकेंगे और अगले दिन सिरोही के लिए रवाना होंगे।
