सागवाड़ा पुलिस ने हथियार लहराकर डराने वाले बदमाश को दबोचा
Share
सागवाड़ा, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): सागवाड़ा पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड पर लोगों को हथियार दिखाकर डराने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार हथियार भी बरामद किया। यह कार्रवाई शुक्रवार रात पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संस्कार’ अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार अपराधियों में भय पैदा करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा एवं वृत्ताधिकारी रूप सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी मदन लाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम ने 8 नवम्बर की रात रोडवेज बस स्टैंड पर इमरान (26) पुत्र सलीम शेख घांची, निवासी भाणदा, थाना बावलवाड़ा, जिला उदयपुर को संदिग्ध अवस्था में धारदार हथियार के साथ घूमते पाया। पूछताछ में उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और लोगों को डराने की बात सामने आई। पुलिस ने इमरान को गिरफ्तार कर धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
