पुलिस हिरासत में देशद्रोही नारे लगवाने वाला स्कूल बस ड्राइवर
Share
पुलिस की पूछताछ जारी
उदयपुर, 20 सितम्बर: डूंगरपुर जिले के चितरी थाना क्षेत्र के गड़ाजसराजपुर गांव के दिव्य संस्कार स्कूल के देशद्रोही नारे लगाने वाले ड्राइवर शाहरुख को पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी ड्राइवर स्कूल के बच्चों के सामने ‘पाकिस्तान जिन्दाबाद’ के नारे लगाता और बच्चों से भी लगाने के लिए कहता था।
गौरतलब है कि आरोपी ड्राइवर न केवल अपने स्कूल के बच्चों के सामने, बल्कि बच्चों के परिजनों के सामने भी पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे बोलवाता था। इस घटना से क्षेत्र में लोगों में आक्रोश फैल गया। गांव के लोगों की शिकायत पर स्कूल प्रिंसिपल दीपक कुमार पंड्या ने चितरी थाने में आरोपी ड्राइवर के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं में मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी शाहरुख को हिरासत में ले लिया था।
एसपी मनीष कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपी ड्राइवर से अब पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूछताछ में शाहरुख ने नारे लगाने के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बताया। प्रारंभिक जांच में उसके किसी विदेशी लिंक की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को भी निर्देश दिए हैं कि भविष्य में बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सभी गतिविधियों की निगरानी की जाए। पुलिस मामले में यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के किसी अन्य व्यक्ति या समूह के साथ कोई संबंध तो नहीं थे, जिन्होंने उसे इस कृत्य के लिए उकसाया।
