उमरड़ा में सेवा शिविर बना नाराजगी का केंद्र
Share
पट्टे नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने कार्मिकों को चैनल गेट में किया बंद
उदयपुर, 17 अक्टूबर: राज्य सरकार के प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत उमरड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर शुक्रवार को हंगामे का केंद्र बन गया। पट्टे नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद कार्मिकों को पंचायत भवन के अंदर बंद कर बाहर से चैनल गेट लगा दिया।
शिविर में ग्रामीण बड़ी उम्मीदों के साथ पहुंचे थे, लेकिन पट्टा वितरण न होने से वे नाराज हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिविर में कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद नहीं था, केवल निचले स्तर के कर्मचारी पहुंचे, जिनके पास कोई ठोस जवाब नहीं था।
गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि जब जनता के वास्तविक काम नहीं हो रहे, तो ऐसे शिविरों का आयोजन केवल औपचारिकता भर है। हंगामे की सूचना पर गिर्वा तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सवाल किया कि अगर शिविरों में न तो पट्टे मिल रहे हैं, न ही किसी योजना का लाभ, तो इनका उद्देश्य क्या है? वहीं, स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कई मामलों की प्रक्रिया उच्च स्तर पर लंबित है, जिसके कारण वितरण में विलंब हुआ है।
