किसानों के मुआवजे, जर्जर सड़कों और अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर उठे तीखे सवाल
Share
बांसवाड़ा जिला परिषद की बैठक में हंगामा
बांसवाड़ा, 10 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा कलेक्ट्रेट स्थित टीएडी सभागार में सोमवार को हुई जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक हंगामेदार रही। जनप्रतिनिधियों ने किसानों को फसल खराबे का मुआवजा नहीं मिलने, जर्जर सड़कों और जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पर निशाना साधा।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि अतिवृष्टि से जिले में बड़ी मात्रा में फसलें बर्बाद हुईं, लेकिन अब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि सर्वे कार्य पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि वास्तविक प्रभावित किसानों को उनका हक मिल सके।
जर्जर सड़कों की स्थिति पर भी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद ग्रामीण सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस दौरान विधायक अर्जुन सिंह बामनिया और नानालाल निनामा ने भी अधिकारियों से जवाब तलब किया।
कलेक्टर इंद्रजीत यादव ने आश्वासन दिया कि किसानों के मुआवजे और सड़क मरम्मत से जुड़ी कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।
बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर पीएमओ डॉ. दिनेश माहेश्वरी से भी सख्त सवाल किए गए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिले के सबसे बड़े चिकित्सालय में मरीजों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।
