एलईडी टीवी की आड़ में शराब तस्करी, ट्रक से 15 लाख की खेप जब्त
Share
रतनपुर बॉर्डर पर कार्रवाई, ड्राइवर-हेल्पर गिरफ्तार
डूंगरपुर, 30 सितम्बर: डूंगरपुर आबकारी पुलिस ने राजस्थान-गुजरात की सीमा रतनपुर बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक से करीब 15 लाख रुपए की शराब बरामद की और ड्राइवर व हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया। शराब को एलईडी टीवी की आड़ में गुजरात सप्लाई किया जा रहा था।
जिला आबकारी अधिकारी भरत मीणा ने बताया कि उन्हें रतनपुर बॉर्डर पर शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर आबकारी निरीक्षक राहुल शर्मा व टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू की। इस दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोका गया। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम तालीम पुत्र असरू (पसरली, मेवात-हरियाणा) और खलासी ने दिनेश कुमार पुत्र फूलचंद प्रजापत (नूह, हरियाणा) बताया। उन्होंने दावा किया कि ट्रक में एलईडी टीवी भरे हैं।
शक होने पर तलाशी ली गई तो एलईडी टीवी के नीचे हरियाणा निर्मित शराब की 190 पेटियां मिलीं। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है। खेप को राजस्थान के रास्ते रतनपुर बॉर्डर से गुजरात भेजा जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई को आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता माना है।
