प्याज-लहसुन में छिपाकर डोडाचूरा की तस्करी
Share
निम्बाहेडा पुलिस ने 104 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त, पंजाब—हरियाणा के तीन तस्कर गिरफ्तार
उदयपुर, 21 सितम्बर: फोरलेन हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान निम्बाहेड़ा कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्याज और लहसुन के बीच छिपाकर ले जा रहे 104 किलो 230 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में पंजाब के लुधियाना निवासी ट्रक चालक कुलजिंदर सिंह (45) और हरियाणा के फतेहाबाद के गुरजीत सिंह (34) तथा कैथल के लवप्रीत सिंह (26) शामिल हैं।
एसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर सीआई राम सुमेर मीणा की टीम मरजीवी चौराहे पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से एक कार आई, जिसमें बैठे लोग संदिग्ध दिखे और ट्रक चालक को वापस मुड़ने का इशारा किया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो प्याज और लहसुन के कट्टों के बीच चार प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा पाया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक और कार के सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने की पुलिस की कार्रवाई को लेकर जनता में राहत की भावना है। पुलिस ने कहा कि तस्करों के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है और आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
