डूंगरपुर में सेंट पोल स्कूल हॉस्टल सील
Share
गंदगी, बीमार बच्चों और अवैध संचालन पर कलेक्टर-एसपी की कार्रवाई
उदयपुर, 17 सितम्बर
डूंगरपुर जिले के पातेला में सेंट पोल स्कूल के हॉस्टल में बच्चों के साथ मारपीट व ज्यादती की शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और जांच के बाद अवैध रूप से संचालित हॉस्टल को बंद करने के निर्देश दिए।
दरअसल मंगलवार को हिन्दू संगठनों की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देशानुसार चिकित्सा और शिक्षा विभाग की टीम ने हॉस्टल में छापा मारा। जांच में जगह-जगह गंदगी, फंगस लगे बिस्तर और कमरों की बदहाल स्थिति सामने आई। पंखे व लाइट की सुविधाएं भी नदारद थीं। छोटे-छोटे कमरों में 30-30 बच्चों को ठूंसकर रखा गया था।
छापे के दौरान 2 छात्राएं और 6 छात्र गंभीर रूप से बीमार मिले, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीडब्ल्यूसी की टीम भी मौके पर पहुंचकर बच्चों व अभिभावकों के बयान दर्ज कर रही है।
कलेक्टर और एसपी ने पाया कि हॉस्टल का संचालन पूरी तरह नियमों के विरुद्ध हो रहा था। इस पर कलेक्टर ने तत्काल हॉस्टल को बंद करने और वहां रह रहे बच्चों को सुरक्षित रूप से अभिभावकों के सुपुर्द करने के निर्देश दिए। साथ ही, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
