उदयपुर में छात्रा की मौत, धम्बोला थाने पर धरना
Share
पीछा करने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
उदयपुर, 17 दिसम्बर : धम्बोला थाना क्षेत्र के पीठ गांव की 16 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर सर्वसमाज के लोग धम्बोला थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर रिपोर्ट के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार पीठ निवासी जागृति पाटीदार (16) पुत्री जगदीश पाटीदार 12वीं कक्षा पास थी। 14 दिसंबर को वह बीएसटीसी का फॉर्म भरने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि गांव का युवक जावेद उसका पीछा करता रहा और ई-मित्र सहित अन्य स्थानों पर जाकर उसे परेशान किया। इससे व्यथित होकर जागृति उसी दिन अपने परिजनों के साथ धम्बोला थाने पहुंची और युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
परिजनों और सर्वसमाज के लोगों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी मानसिक तनाव के चलते 16 दिसंबर की शाम जागृति ने जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे उदयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और सर्वसमाज के लोग आक्रोशित हो गए और धम्बोला थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक की तत्काल गिरफ्तारी, पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
