LOADING

Type to search

डूंगरपुर के एसबीपी कॉलेज में छात्रों का हंगामा, प्रिंसिपल को कमरे में किया बंद

Local

डूंगरपुर के एसबीपी कॉलेज में छात्रों का हंगामा, प्रिंसिपल को कमरे में किया बंद

Share

खेल मैदान व अन्य मांगों पर तीन दिन में समाधान का आश्वासन
उदयपुर, 15 सितम्बर:
डूंगरपुर स्थित एसबीपी कॉलेज में सोमवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। खेल मैदान की खराब स्थिति और अन्य सुविधाओं की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं ने प्रिंसिपल के चैंबर के बाहर धरना शुरू कर दिया और नारेबाजी करते हुए गेट को अंदर से बंद कर दिया।
छात्रों का आरोप था कि कॉलेज का खेल मैदान पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और झाड़ियों से भरा हुआ है। खेलकूद की गतिविधियां बाधित होने के कारण छात्राएं कॉलेज के सामने के हिस्से में खेल रही थीं, लेकिन प्रिंसिपल ने वहां खेलने से भी मना कर दिया। इससे आक्रोशित छात्राओं ने बीपीएम के पदाधिकारियों और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार परमार के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने न केवल ग्राउंड की सफाई और समतलीकरण बल्कि पीने के पानी, खेल सामग्री (किट) और आईडी कार्ड उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई। छात्रों का आरोप था कि इन समस्याओं को बार-बार उठाने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
मामले ने तूल पकड़ा तो प्रिंसिपल गणेश निनामा ने छात्रों से वार्ता की। इस दौरान माहौल गरमा गया, लेकिन छात्रों के अड़े रहने पर प्रिंसिपल ने अपने चैंबर से जिला कलेक्टर से फोन पर बात की। इसके बाद उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि अगले तीन दिनों में नगर परिषद की ओर से मैदान की सफाई और मरम्मत करवा दी जाएगी। साथ ही, यदि नगर परिषद कार्रवाई नहीं करती है, तो कॉलेज प्रशासन अपने स्तर पर यह कार्य पूरा करेगा। वहीं, पानी, आईडी कार्ड और खेल किट की व्यवस्था तुरंत शुरू करने का भरोसा भी दिया गया। प्रिंसिपल की घोषणा के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन साफ कर दिया कि यदि आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *