पाकिस्तान में आत्मघाती हमला: नॉर्थ वजीरिस्तान में आर्मी कैंप पर धमाका, 7 सैनिकों की मौत
Share
वजीरिस्तान, 17 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): पाकिस्तान के अफगान बॉर्डर के पास नॉर्थ वजीरिस्तान में एक आर्मी कैंप पर आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें सात सैनिक मारे गए और 13 घायल हो गए। हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को मीर अली इलाके के आर्मी कैंप की दीवार से टकरा दिया। धमाके में गाड़ी चला रहा हमलावर भी मारा गया। इसके बाद तीन और उग्रवादी कैंप के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें जवाबी कार्रवाई में मार गिराया गया। घायल सैनिकों को तुरंत हेलिकॉप्टर से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने कहा कि खालिद बिन वलीद आत्मघाती दस्ते और तहरीक-ए-तालिबान गुलबहार ने इस हमले को अंजाम दिया। पाकिस्तानी सेना ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए हेलिकॉप्टर तैनात किए हैं। यह उत्तर वजीरिस्तान में हाल के महीनों में हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है।
पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि बहादुर सैनिकों ने आतंकियों की साजिश नाकाम कर दी। उन्होंने कहा, “पूरी कौम को अपने वीर जवानों पर गर्व है।”
हाल के हफ्तों में उत्तरी वजीरिस्तान और अन्य क्षेत्रों में उग्रवादियों के हमले बढ़ गए हैं। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में मौजूद आतंकवादी समूह इन हमलों में शामिल हैं, जबकि अफगान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है।
TTP पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। 2021 में अफगान तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद TTP ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध छेड़ रखा। सीमा पार ट्रेनिंग प्राप्त कर लौटने वाले TTP के लड़ाके इन हमलों के मुख्य आरोपी हैं। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज के अनुसार, 2015 के बाद पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों की संख्या सबसे ज्यादा हुई है, जिससे देश वैश्विक आतंकवाद सूचकांक में दूसरे नंबर पर पहुंच गया।
