सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों हड़पे, नौ महीने बाद आरोपी गिरफ्तार
Share
कई लोगों से ठगी का हुआ खुलासा
उदयपुर, 14 दिसम्बर: शहर के हिरणमगरी क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाला आरोपी नौ माह फरार रहने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रूपनारायण उर्फ पप्पू ने कामिक विभाग में कार्यालय सहायक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और रुपए हड़पकर फरार हो गया था।
हिरणमगरी सेक्टर-3 स्थित समता नगर निवासी सुनील कुमार ने 1 मार्च को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान आरोपी के ठिकानों का पता लगाया और टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी रूपनारायण उर्फ पप्पू पिता लल्लुराम ने सुनील कुमार के अलावा भी कई लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर लाखों रुपए हड़पे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग इस धोखाधड़ी में शामिल थे और अन्य पीड़ितों की संख्या कितनी है।
