भाजपा पार्षद के इंजीनियर बेटे का शव 14 दिन बाद डूंगरपुर पहुंचा
Share
कनाडा में बाथरूम में गिरने से हुई थी मौत, घर पहुंचते ही फूट-फूटकर रोने लगे परिजन
डूंगरपुर, 7 दिसम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर नगर परिषद के भाजपा पार्षद मोहनलाल नागदा के बेटे और कनाडा में कार्यरत इंजीनियर निपुण नागदा (जैन) का शव 14 दिन बाद रविवार को डूंगरपुर पहुंचा। परिवार ने जैसे ही बेटे का पार्थिव शरीर देखा, माहौल गमगीन हो गया और परिजन बिलख पड़े। निपुण की मां शव से लिपटकर रोती रही। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
कनाडा में 24 नवम्बर को हुई थी दुखद घटना
24 नवम्बर को एडमॉन्टन सिटी में निपुण नागदा की बाथरूम में गिरने से हृदय गति रुक गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। निपुण पिछले 12 वर्षों से कनाडा की एक कंपनी में कंप्यूटर इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे और वहीं की नागरिकता भी हासिल कर ली थी। उन्होंने कनाडा में अपना घर भी खरीद लिया था। वे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वहीं रहते थे। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
मां की इच्छा पर विदेश मंत्री तक पहुंचा मामला
निपुण की मां की इच्छा थी कि बेटे का शव भारत वापस लाया जाए। इस पर उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत और राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर मदद की अपील की। इसके बाद भारत सरकार और कनाडा प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर शव को भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। अहमदाबाद एयरपोर्ट से एंबुलेंस द्वारा शव रविवार दोपहर डूंगरपुर लाया गया, जहां रोते-बिलखते परिजनों ने अपने बेटे को अंतिम विदाई दी।
