मारपीट के दो महीने बाद बस चालक की मौत
Share
वेतन नहीं मिलने पर बस लेकर डूंगरपुर आ रहा था, गुजरात में ऑफिस स्टाफ ने पीटा था और तब से बीमार था, मारपीट का वीडियो भी सामने आया
डूंगरपुर, 14 दिसम्बर: गुजरात में पटेल ट्रेवल्स में कार्यरत डूंगरपुर निवासी बस चालक की दिवाली पर हुई मारपीट के करीब दो महीने बाद मौत हो गई। मृतक महेश रोत को वेतन नहीं मिलने पर बस लेकर डूंगरपुर आते समय गुजरात के गम्भोई क्षेत्र में ट्रेवल्स के ऑफिस स्टाफ ने बेरहमी से पीटा था। इस घटना का वीडियो भी अब सामने आया है।
चौरासी थाना क्षेत्र के झोथरी गांव निवासी नाथू रोत ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा महेश रोत पटेल ट्रेवल्स में ड्राइवर था और बांसवाड़ा से अहमदाबाद वाया डूंगरपुर बस चलाता था। दिवाली से एक दिन पहले 19 अक्टूबर को महेश ने मालिक से वेतन मांगा, लेकिन ऑफिस स्टाफ ने भुगतान से इनकार कर दिया। इसके बाद महेश बस लेकर डूंगरपुर के लिए रवाना हो गया।
गम्भोई के पास ट्रेवल्स के ऑफिस स्टाफ रवि पटेल, मनीष भाई और दिलावर इको कार से पहुंचे। उन्होंने वेतन देने का झांसा देकर महेश को बस से उतारकर एक कमरे में ले गए, जहां उसके साथ गंभीर मारपीट की गई। घायल अवस्था में महेश अस्पताल पहुंचा और 22 अक्टूबर को गम्भोई थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इसके बाद वह अपने गांव लौट आया।
शनिवार 13 दिसंबर की रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
