LOADING

Type to search

शराब पीकर बस चला रहा था रोडवेज चालक, सड़क से उतरी बस

Local

शराब पीकर बस चला रहा था रोडवेज चालक, सड़क से उतरी बस

Share

उदयपुर–पिंडवाड़ा हाईवे पर बड़ा हादसा टला
उदयपुर, 23 दिसंबर:
उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर सोमवार रात रोडवेज बस के सड़क से उतर जाने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस का संतुलन बिगड़ते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा गंभीर जानमाल का नुकसान हो सकता था। यात्रियों ने बस चालक पर नशे में वाहन चलाने और लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे यात्रियों का आक्रोश और बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार सिरोही डिपो की यह रोडवेज बस डूंगरपुर से वाया उदयपुर होकर सिरोही जा रही थी। सोमवार रात करीब 8 बजे गोगुंदा क्षेत्र के ओबरा कट पर बस अनियंत्रित हो गई। बस ने हाईवे किनारे लगे किलोमीटर संकेतक स्टोन को तोड़ा और आगे जाकर सड़क से नीचे उतर गई। बस में उस समय करीब 32 यात्री सवार थे।
यात्रियों का कहना है कि उन्होंने पहले ही चालक की स्थिति को लेकर कंडक्टर से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद कंडक्टर यात्रियों को बार-बार दूसरी बस आने का आश्वासन देता रहा। कड़ाके की सर्दी में यात्रियों को रात में हाईवे किनारे करीब दो घंटे तक ठिठुरते हुए इंतजार करना पड़ा।
बस में स्वरूपगंज, सिरोही, सांचोर सहित आगे के स्टेशनों के यात्री सवार थे। कुछ यात्री निजी वाहनों से रवाना हो गए, जबकि शेष यात्रियों को बाद में आई दूसरी रोडवेज बस से आगे भेजा गया। यात्रियों ने मामले में रोडवेज प्रशासन से जांच और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *