रंग-बिरंगी रोशनी, झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शहरवासियों ने लिया आनंद
Share
नगर निगम उदयपुर ने दीपावली मेला 2025 का भव्य उद्घाटन किया
उदयपुर, 9 अक्टूबर : नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित दीपावली मेला 2025 का भव्य शुभारंभ गुरुवार शाम को टाउन हॉल प्रांगण में समारोहपूर्वक किया गया। रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से जगमगाते मेला स्थल में शहरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी एवं समाजसेवी गजपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया। मास्टर बैंड द्वारा स्वागत धुन प्रस्तुत की गई। सांसद गरासिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा इस प्रकार के मेले आयोजित करने से हमारी संस्कृति जीवित रहती है और आने वाली पीढ़ी इसे याद रखेगी। विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि नगर निगम हमेशा जनता के हित और शहर के विकास को ध्यान में रखकर कार्य करती है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि नगर निगम केवल सड़क, रोड लाइट और पानी की व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों के मनोरंजन और स्वच्छ वातावरण के लिए भी कार्यरत है। मेला अधिकारी एवं उपायुक्त दिनेश मंडोवरा ने बताया कि मेला प्रांगण में छोटे-बड़े झूले, खाने-पीने की दुकानें, कपड़े, जूते, मनिहारी और घर सज्जा के सामान की दुकानों का प्रबंध किया गया है।
दीपावली मेला 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित होगा और 23 अक्टूबर तक यथावत जारी रहेगा। मंच और प्रदर्शन स्थलों की विशेष सज्जा की गई है, जिससे दर्शकों को बेहतर मनोरंजन का अनुभव मिले। इस अवसर पर निवर्तमान सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोलिया, गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी, कच्चीबस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
